
Asian Games 2026: जापान के आईचि-नागोया में आयोजित हो रहे 20वें एशियाई खेल 2026 के 10वें दिन भारत की स्टार निशानेबाज नीरू ढांडा ने इतिहास रच दिया है। नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप व...
Asian Games 2026: जापान के आईचि-नागोया में आयोजित हो रहे 20वें एशियाई खेल 2026 के 10वें दिन भारत की स्टार निशानेबाज नीरू ढांडा ने इतिहास रच दिया है। नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा के बेहद कड़े फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए ऐतिहासिक गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
फाइनल दौर में नीरू ने अद्भुत सटीकता का परिचय देते हुए 28 अंक हासिल किए। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है।
इससे पहले दिन की शुरुआत में नीरू ढांडा ने आशिमा अहलावत और मनीषा के साथ मिलकर विमेंस ट्रैप टीम इवेंट में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता था। क्वालीफिकेशन राउंड में ही नीरू ने 118 के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल करके अपने इरादे साफ कर दिए थे।
व्यक्तिगत फाइनल मुकाबले में प्रवेश करते ही उन्होंने शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए रखी और दबाव के क्षणों में भी सटीक निशाना लगाया। 28 अंकों का स्कोर बनाकर उन्होंने न केवल अपने प्रतिद्वंदियों को पीछे छोड़ा, बल्कि एशियाई खेलों के इतिहास में एक नया कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया।
निशानेबाजी में ऐतिहासिक सफलता के अलावा 10वें दिन अन्य खेलों में भी भारतीय एथलीटों का शानदार दबदबा बना हुआ है। रिकर्व तीरंदाजी के पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में धीरज बोम्मदेवरा और नीरज चौहान ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।
दूसरी ओर, महिलाओं की स्क्वैश टीम ने ग्रुप-सी के अपने मुकाबले में ईरान को 3-0 से एकतरफा शिकस्त देकर प्रतियोगिता में अपनी लय बरकरार रखी है। तन्वी खन्ना, अनाहत सिंह और जोशना चिनप्पा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम को अगले दौर में पहुंचा दिया है।
आज के दिन की मुख्य निगाहें अब एथलेटिक्स और मुक्केबाजी की रिंग पर टिकी हुई हैं। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में स्टार रनर अविनाश साबले, गुलवीर सिंह और हरिता भद्रा भारत के लिए पदक पक्का करने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। वहीं मुक्केबाजी के सेमीफाइनल मुकाबलों में परवीन हुड्डा, अंकुश पांघल और नरेंद्र अपनी चुनौती पेश करेंगे।
मुक्केबाजी में सेमीफाइनल में पहुंचते ही पदक पक्के हो चुके हैं, लेकिन भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि ये मुक्केबाज अपने मुकाबले जीतकर फाइनल का टिकट कटाएंगे और नीरू ढांडा की तरह ही देश के लिए गोल्ड मेडल जीतेंगे।
Loading related stories...