
Brahma Kumaris Lucknow: ब्रह्माकुमारीज़ के 90वें स्थापना वर्ष और लखनऊ में 72 वर्षों की सेवाओं के उपलक्ष्य में आयोजन, जयंती दीदी के प्रवास पर भी होंगे विशेष कार्यक्रम।
Lucknow News: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय अपनी स्थापना के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव (1936–2026) मना रहा है। इसी क्रम में ब्रह्माकुमारीज़, लखनऊ अपनी आध्यात्मिक और सामाजिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है। इस विशेष अवसर पर गुलज़ार उपवन, लखनऊ में नवनिर्मित ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण समारोह 13 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है।
इस संबंध में गोमती नगर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ के आत्मचिंतन भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्था के पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों और तैयारियों की जानकारी साझा की। समारोह में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना
ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, लखनऊ प्रवास के दौरान संस्था की सब-जोन इंचार्ज राजयोगिनी राधा दीदी से व्यक्तिगत मुलाकात में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मौखिक सहमति दी थी। हालांकि, उनके आगमन को लेकर अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
13 नवंबर को होने वाला यह समारोह संस्था के 90 वर्ष के वैश्विक आध्यात्मिक सफर और लखनऊ में 72 वर्षों की सेवाओं के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन को आध्यात्मिक शिक्षा, राजयोग ध्यान और मानवीय मूल्यों के प्रसार से जुड़े प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
31 अक्टूबर और 1 नवंबर को लखनऊ आएंगी जयंती दीदी
ब्रह्माकुमारीज़ की वरिष्ठ आध्यात्मिक मार्गदर्शिका राजयोगिनी जयंती दीदी 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को लखनऊ प्रवास पर रहेंगी। वह संस्था की अतिरिक्त प्रशासिका प्रमुख एवं यूरोपीय निदेशिका हैं। पांच दशकों से अधिक समय से आध्यात्मिक शिक्षा और मानवीय मूल्यों के प्रसार में सक्रिय जयंती दीदी विश्व शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना के विकास के लिए कार्य कर रही हैं।
संस्था के अनुसार, वर्ष 1982 से वह जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र में ब्रह्माकुमारीज़ का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। विभिन्न देशों में आध्यात्मिक सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करने के माध्यम से उन्होंने शांति और सहयोग का संदेश प्रसारित किया है।
सिंधी स्नेह मिलन और समर्पण समारोह का आयोजन
जयंती दीदी के लखनऊ प्रवास के दौरान गुलज़ार उपवन स्थित नवनिर्मित राजयोग प्रशिक्षण केंद्र में दो विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
31 अक्टूबर 2026, शाम 5:30 बजे: सिंधी समाज के लिए विशेष सिंधी स्नेह मिलन कार्यक्रम।
1 नवंबर 2026, शाम 4 बजे: 11 ब्रह्माकुमारी बहनों का समर्पण समारोह।
इन आयोजनों के जरिए आध्यात्मिक मूल्यों, समर्पण, सामाजिक सद्भाव और मानवीय एकता का संदेश दिया जाएगा। संस्था के अनुसार, ये कार्यक्रम लखनऊ के आध्यात्मिक और सामाजिक जगत के लिए महत्वपूर्ण अवसर होंगे।
1936 में हुई थी ब्रह्माकुमारीज़ की स्थापना
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की स्थापना वर्ष 1936 में हुई थी। यह एक अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक संस्था है, जो राजयोग ध्यान, आत्म-जागरूकता, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली के प्रसार के लिए कार्य करती है।
संस्था का उद्देश्य व्यक्ति के आंतरिक परिवर्तन के माध्यम से परिवार, समाज और विश्व में शांति, सद्भाव और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। लखनऊ में पिछले 72 वर्षों से संस्था आध्यात्मिक शिक्षा, राजयोग ध्यान और मूल्यनिष्ठ जीवनशैली से जुड़ी सेवाएं प्रदान कर रही है।
संस्था के 90 वर्षीय नवदशकोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामना संदेश भी भेजा गया है। यही नहीं संस्था का कहना है कि इन आयोजनों के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना, मानवीय मूल्यों, विश्व शांति और सामाजिक सद्भाव के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने का प्रयास किया जाएगा। दिव्य संस्कृति भवन का प्रस्तावित लोकार्पण और जयंती दीदी के विशेष कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज़, लखनऊ की आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण आयोजन होंगे।
Loading related stories...